भाजपा हाईकमान के एक कदम ने संगठन में हलचल मचा दी है । भाजपा के मोर्चा पदों पर आसीन पदाधिकारियों को भी शायद बदलाव की भनक लग गई है या उन्हें एक इशारा भेज दिया गया है ।
मामला भाजपा के 30 मंडल प्रभारियों और सह प्रभारियों की नियुक्ति से जुड़ा है । भाजपा ने आगामी कार्यक्रमों को देखते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बैतूल विधायक हेमन्त खण्डेलवाल, केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ,संभागीय संगठन प्रभारी कांतदेव सिंह,और जिला संगठन प्रभारी सुदर्शन गुप्ता की सहमति से जो सूची जारी की है उसमें वर्तमान युवा मोर्चा प्रभारी भास्कर मगरदे को साँवलमेंढा मंडल का प्रभारी और भाजपा किसान मोर्चा प्रभारी महेश्वर सिंह चंदेल को दामजीपुरा मंडल का प्रभारी नियुक्त किया गया है । आगामी दिनों में भाजपा के मोर्चा के पदों पर भी नियुक्तियां होनी हैं ऐसे में अटकलें लगाई जा रही है कि क्या मोर्चा से मंडल प्रभारी बनाए गए कार्यकर्ताओ को दोबारा मोर्चा में बड़ा पद मिलेगा या फिर कोई बदलाव होने की संभावना है । फिलहाल भाजपा संगठन ने इस ओर इशारा तो कर दिया है । मोर्चा पदों के लिए कई अन्य कार्यकर्ता भी कतार में लगे हुए हैं । मंडल प्रभारियों की जारी सूची से उन्हें उम्मीद बंधी है कि शायद इस बार वेटिंग क्लियर हो जाए । हालांकि भाजपा संगठन में कब क्या अप्रत्याशित फैसले हो जाएं इसका अनुमान लगाना कठिन होता है ।